ईंट निर्माण फैक्ट्री से एक करोड़ की नकली विदेशी शराब जब्त
June 13, 2023 23:14
● बिहार भेजने की थी तैयारी, जामताड़ा आबकारी विभाग की टीम ने की कार्रवाई
दुमका/जामताड़ा।जामताड़ा के सुपाईडीह में फ्लाई ऐश की ईंट निर्माण फैक्ट्री की आड़ में नकली शराब बनाने का अवैध कारोबार चल रहा था।13 जून को जामताड़ा के उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने इस ईंट फैक्ट्री में छापेमारी कर करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब जब्त किया।आशंका है कि इस फैक्ट्री में निर्मित नकली विदेशी शराब की सप्लाई बिहार में होती थी। उत्पाद अधीक्षक महेंद्र देव सिंह ने बताया कि ईंट निर्माण की इस फैक्ट्री में एक करोड़ की अवैध विदेशी शराब के साथ ही 5 हजार लीटर स्प्रीट भी जब्त किया गया है।फैक्ट्री में अवैध शराब लोड दो पिकअप वैन और एक मारूती कार को भी जब्त किया गया है। मौके से दो संदिग्धों- बिहारी मंडल और दिनेश मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
● अवैध शराब फैक्ट्री का मुख्य संचालक मनोज मंडल सहित दो फरार, दो गिरफ्तार
उत्पाद अधीक्षक महेंद्र देव सिंह ने बताया कि अवैध शराब फैक्ट्री का मुख्य संचालक मनोज मंडल सहित दो कारोबारी फरार हो गया है।जिन दो लोगो बिहारी मंडल और दिनेश मंडल को हिरासत में लिया गया है,वे दोनों फैक्ट्री में चल रहे अवैध कारोबार की देखरेख करते थे।उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि पूरे मामले में आरोपियों के विरुद्ध तेजी से कार्रवाई की जाएगी।फैक्ट्री से मोटर पंप,पानी टंकी व गैलेन के साथ ही स्प्रीट का कई डब्बा बरामद हुआ है।
यह भी पढ़ें...
Copyright © Fourth Pillar Hindi